राजस्थान महिला कांग्रेस की पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न
- सारिका सिंह के नेतृत्व में महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार
बिजयनगर 18 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/तरनदीप सिंह)राजस्थान महिला कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा देते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस की ऊर्जावान अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में आज राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, जयपुर में प्रदेश महिला कार्यकारिणी की पहली ऐतिहासिक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अगुवाई राजस्थान आईसीसी की महिला इंचार्ज नूरी खान ने की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान कांग्रेस की सह-प्रभारी दीप्ति सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रदेश के कोने-कोने से आई सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि महिला कांग्रेस अब पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुकी है।बैठक में महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से “आधी आबादी पूरा हक” के नारे को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कांग्रेस आने वाले समय में राजस्थान की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए सड़कों से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करेगी।इस अवसर पर यह भी उल्लेखनीय रहा कि महिला कांग्रेस की सबसे कम उम्र की जिला अध्यक्ष इशिका जैन अपने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पूरी सक्रियता और प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं, जो युवा नेतृत्व की मजबूती को दर्शाता है।