बनेवड़ा से अजमेर तक जनआक्रोश की गूंज: संघर्ष समिति की जन संघर्ष यात्रा, प्रशासन ने मानी दो प्रमुख मांगें
बनेवड़ा/बांदनवाड़ा (अजमेर) 17 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/चंद्रप्रकाश टेलर) बनेवड़ा संघर्ष समिति की ओर से प्रस्तावित जन संघर्ष यात्रा 15 जनवरी को ग्राम बनेवड़ा स्थित शिव मंदिर से अजमेर जिला कलेक्ट्रेट के लिए बड़े उत्साह और जनसमर्थन के साथ रवाना हुई। सुबह 9:15 बजे डीजे की धुनों के साथ शुरू हुई इस यात्रा में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली।
संघर्ष समिति पिछले आठ वर्षों से गांव व क्षेत्र की मूलभूत जनसमस्याओं को लेकर निरंतर सक्रिय रही है। इससे पूर्व समिति द्वारा दो बार जयपुर तक साइकिल यात्रा निकालकर शासन-प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया गया था। यात्रा के दौरान नसीराबाद सदर एवं नसीराबाद शहर पुलिस जाप्ता सुरक्षा व्यवस्था के तहत साथ रहा और नसीराबाद सीमा के बलवंता तक यात्रा को अजमेर की ओर रवाना किया गया।
प्रशासन ने मानी दो प्रमुख मांगें
यात्रा के रवाना होने से पूर्व ही ग्राम पंचायत प्रशासन ने संघर्ष समिति की दो प्रमुख मांगों पर अमल करते हुए ब्लॉक रोड निर्माण तथा आंगनबाड़ी कलर पुलिया निर्माण के लिए पाइप मंगवाकर कार्य प्रारंभ कर दिया। इससे ग्रामीणों में संतोष और भरोसे का माहौल बना।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।
जन संघर्ष यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। रामदेव जी मंदिर बाघसुरी, अखरिया, नांदला, नसीराबाद, वकील, प्रेस क्लब, शिवसेना नसीराबाद एवं राजपूत समाज नसीराबाद के गणमान्य नागरिकों ने यात्रा का अभिनंदन किया।
महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि
अजमेर पहुंचने से पूर्व यात्रा ने गांधी भवन में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
इसके पश्चात संघर्ष समिति ने अजमेर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा और शाल ओढ़ाकर शेष मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो राज्यपाल भवन पहुंचकर बाघसुरी में मिनी सचिवालय की चौपाल आयोजित कर राज्यपाल महोदय से प्रत्यक्ष हस्तक्षेप का अनुरोध किया जाएगा। साथ ही सभी गांवों को मांगों से अवगत कराते हुए कार्य पूर्ण होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
ये रहे मौजूद सदस्य
इस अवसर पर संघर्ष समिति के सदस्य जितेंद्र सिंह देवराज, विक्रम, ओमप्रकाश, योगेंद्र, नाथू गिरी, सोनी जी, हाथीराम, आनंद सिंह, सोनू, कालू गिरी, बसंत, जगदीश नेता, शंकर गिरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।