5 March 2026
IMG-20260116-WA0008

केकड़ी 16 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/दिनेश वैष्णव) शहर के पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को 69 वीं 14 वर्ष छात्र-छात्रा राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। इस प्रतियोगिता में 31 स्टेट यूनिट की 61 टीमों के 732 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त निदेशक महावीर कुमार शर्मा उपस्थित रहे। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की फील्ड ऑफिसर कनक चक्रधर, आयोजन समिति के सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारम्भिक शिक्षा अजमेर गोविन्दनारायण शर्मा, आयोजन समिति के सह सचिव एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपीलाल कीर और प्रतियोगिता संयोजक एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुजरवाड़ा के प्रधानाध्यापक रामबाबू सोनी भी मंच पर मौजूद रहे। अतिथियों ने झंडारोहण के साथ प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

आयोजन समिति के सदस्य एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी कमलेश अहीर, शारीरिक शिक्षिका लाली जाट, प्रधानाचार्य राधेश्याम कुमावत, हेमन पाठक, संतोष विजयवर्गीय, मुकेश सेन, सुरेश गढ़वाल, किशनलाल जाट, महेश शर्मा, द्वारका प्रसाद बैरवा, ईद मोहम्मद, दिनेश कुमार वैष्णव एवं परमेश्वर जाट ने आगंतुक अतिथियों को साफा पहनाकर, बैज लगाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस प्रतियोगिता में 19 राज्यों राजस्थान, असम, हरियाणा, महाराष्ट्र, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, झारखण्ड, उत्तराखंड, पंजाब, तेलंगाना एवं केरल सहित 6 केन्द्र शासित प्रदेशों दादरा एवं नगर हवेली, दमन और दीव, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, दिल्ली एवं पुड्डुचेरी और 6 संस्थागत इकाइयों सीआईएससीई, सीबीएससी, सीबीएसई डब्ल्यूएसओ, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, विद्या भारती एवं नवोदय विद्यालय समिति की टीमें हिस्सा ले रही है जो देशभर में खो-खो की व्यापक पहुंच और मजबूत आधार को दर्शाता है।

आयोजन का ढांचा लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में तय किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को प्रारंभिक चरणों में पर्याप्त मैच अनुभव प्राप्त हो और फिर वे निर्णायक राउंड में भाग ले सकें। 16 एवं 17 जनवरी को लीग कम नॉक ऑउट मैच, 18 को प्री क्वार्टर फाइनल, 19 को क्वार्टर फाइनल, 20 को सेमी फाइनल मैच होंगे। अंतिम दिन 21 जनवरी को फाइनल मैच होगा। इस छह दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान सभी 5 मैदानों पर प्रतिदिन करीब 40 मैच आयोजित होंगे। इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल का उत्सव नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का जीवंत प्रयास है, जो आने वाली पीढ़ियों को आत्मनिर्भरता और अनुशासन की भावना भी सिखाता है। डीईओ गोविन्दनारायण शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक सत्यनारायण चौधरी ने प्रतियोगिता का परिचय दिया। प्रतियोगिता संयोजक रामबाबू सोनी ने बताया कि बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के कोने-कोने से प्रतिभाशाली युवाओं की खोज और उनके कौशल को निखारने के लिए उपयुक्त अवसर प्रदान करना हैं। समारोह के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तसवारिया की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। शहर की विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत किया तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर देवनारायण राजकीय आवासीय विद्यालय केकड़ी की छात्राओं ने भी अपनी प्रस्तुति दी। लोक कलाकार अशोक शर्मा का कच्छी घोड़ी एवं भवाई नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा। समारोह के अंत में सीबीईओ गोपीलाल कीर ने आभार प्रदर्शित किया। संचालन शारीरिक शिक्षक अरविन्द अग्रवाल ने किया। उद्घाटन समारोह से पूर्व देशभर से पधारे खिलाडी नगर भ्रमण के लिए रैली के रूप में नगरपालिका से प्रारम्भ होकर, तीन बत्ती चौराहा, जूनियाँ गेट, घंटाघर, खिड़की गेट, सरसडी गेट और बस स्टैण्ड होते हुए वापस नगर पालिका पहुचें। इस दौरान भारत विकास परिषद एवं राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय सहित विभिन्न संस्थाओं, खेल प्रेमियों और केकड़ी वासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page