सोकिया का खेड़ा में 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का सोमवार को हुआ समापन
सावर 12 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल)बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) अजमेर द्वारा ग्राम पंचायत गोरधा क्षेत्र के ग्राम सोकिया का खेड़ा में 12 दिवसीय स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका समापन सोमवार 12 जनवरी 2026 को होगा।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक सोकिया का खेड़ा के चारभुजा मंदिर वाले मोहल्ले में रतन सिंह दरोगा के परिसर में संचालित किया गया।
प्रशिक्षण के अंतर्गत बेसिक्स ऑफ होममेड अगरबत्ती मेकिंग विषय पर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्थान ग्रामीण आजीविका मिशन (राजीविका) के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी कुल 35 महिलाओं ने भाग लिया। इसमें ग्राम पंचायत गोरधा मुख्यालय सहित कीडवा का झोपड़ा, चिकलिया, लोधा का झोपड़ा, गोपालपुरा, चौकी का झोपड़ा एवं सोकिया का खेड़ा गांवों की महिलाएं शामिल रहीं।बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी के वरिष्ठ अनुदेशक रामराज धाकड़ द्वारा महिलाओं को आजीविका विकास, कौशल प्रशिक्षण एवं उद्यमिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार की कौशल पंजी योजना के अंतर्गत होममेड अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण डोमेन स्किल ट्रेनर श्रीमती कमलेश कंवर द्वारा प्रदान किया गया, जिसमें महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर राजीविका मेहरूकला क्लस्टर अध्यक्ष निर्मला कंवर, क्लस्टर मैनेजर फिरदोश बानू, सचिव कमलेश कंवर एवं वरिष्ठ अनुदेशक रामराज धाकड़ द्वारा आरसेटी में संचालित विभिन्न स्वरोजगार प्रशिक्षणों जैसे मोबाइल रिपेयरिंग, घरेलू विद्युत उपकरण, महिला दर्जी, ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट, सीसीटीवी कैमरा सहित लगभग 64 प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ईसी सदस्य सीता मेघवंशी, वार्ड पंच आशा वैष्णव द्वारा महिलाओं को आरसेटी की ओर से ड्रेस एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।वरिष्ठ अनुदेशक रामराज धाकड़ ने ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशन में कौशल एवं उद्यमिता विकास माध्यम से स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।