5 March 2026

भारत विकास परिषद ने स्वामी विवेकानंद को नमन कर मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस

0
IMG-20260112-WA0018

केकड़ी 12 जनवरी (केकड़ी पत्रिका/दिनेश वैष्णव) युवाओं में ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण की भावना जागृत करने वाले युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की जयंती भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा आज बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अजमेर रोड स्थित पंचायत समिति के पास पुराने डाक बंगले परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी के अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने बताया कि स्वामी विवेकानंद को आधुनिक भारत के सबसे प्रभावशाली विचारकों में से एक माना जाता है। उन्होंने अपने ओजस्वी विचारों और कर्मठ जीवन से युवाओं में आत्मबल, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना का संचार किया। यही कारण है कि उनकी जयंती 12 जनवरी को पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। यदि युवा उनकी शिक्षाओं—उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको, स्वयं पर विश्वास और मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है—को अपने जीवन में आत्मसात कर लें, तो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और सफलता निश्चित है। उनके विचार न केवल व्यक्तिगत जीवन को दिशा देते हैं, बल्कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में भी सहायक हैं।

माल्यार्पण कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया, विकास रत्न गोपाललाल वर्मा, वरिष्ठ सदस्य महावीर पारीक सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से गोपाल सोनी, गुलाबचंद सोमानी, अनिल राठी, रामनरेश विजय, निहालचंद मेडतवाल, सर्वेश विजय, राजेश लखोटया, शिवकुमार बियाणी, यज्ञ नारायण सिंह, कैलाश चंद्र जैन, कमल विजय, राम गोपाल सैनी, ओमप्रकाश मेडतवाल आदि शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। परिषद के इस आयोजन ने युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page