डीएमएफटी योजना में विद्यालय में कक्षा कक्ष को मिली प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति ,विधायक शत्रुघ्न गौतम का किया आभार
बघेरा 07 जनवरी (केकड़ी पत्रिका) डीएमएफटी योजना के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा कक्ष निर्माण कार्यों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी होने पर माननीय विधायक श्री शत्रुघ्न जी गौतम का ब्रह्माणी माता भाजपा मंडल बघेरा द्वारा हार्दिक आभार एवं अभिनंदन किया गया।
इस संबंध में ब्रह्माणी माता मंडल बघेरा के अध्यक्ष श्री सत्यनारायण गुर्जर ने एक प्रेस नोट जारी कर जानकारी देते हुए बताया कि डीएमएफटी योजना के तहत मंडल क्षेत्र के कई गांवों के विद्यालयों के भवन निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि बघेरा गांव के दो विद्यालय भी इस स्वीकृति में शामिल हैं।
प्रेस नोट के अनुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरा के लिए 59.76 लाख रुपये तथा राजकीय संस्कृत विद्यालय, सलारी गेट बघेरा के लिए 89.58 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।इसके अतिरिक्त जूनिया, मेवदा कलां, देवगांव, नायकी, देवलियाखुर्द, कनोज, मंडा एवं तितरियां स्थित विद्यालयों में कक्षा कक्ष निर्माण कार्यों के लिए भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इस उपलब्धि पर मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
