सावर की बेटी किंजल आलोरिया ने बढ़ाया जिले का मान, अजमेर में प्रथम स्थान हासिल
सावर 28 दिसम्बर (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) जागृति इंग्लिश मीडियम सेकेंडरी स्कूल सावर की होनहार छात्रा किंजल आलोरिया ने सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अजमेर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से सावर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।

विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किंजल आलोरिया पुत्री योगेश कुमार आलोरिया, निवासी सावर ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर बालिका शिक्षा फाउंडेशन राजस्थान की ओर से पद्माक्षी योजना 2025–26 के अंतर्गत ₹50,000 की नगद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की गई है।पुरस्कार की घोषणा होते ही पूरे गांव में उत्साह और हर्ष का माहौल बन गया। ग्रामीणों, शिक्षकों एवं परिजनों ने किंजल की सफलता को बालिका शिक्षा के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

विद्यालय परिवार की ओर से किंजल आलोरिया और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि किंजल की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी और बेटियों की शिक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।