बघेरा सीएचसी में कर्मचारी उत्पीड़न का मामला, फार्मासिस्ट ने बीसीएमओ को भेजा सुसाइड नोट
बघेरा 16 दिसम्बर ( केकड़ी पत्रिका / ललित नामा) कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सक के कथित अभद्र व्यवहार से परेशान होकर सुसाइड नोट लिखने का मामला सामने आया है। फार्मासिस्ट विनोद कुमार ने यह पत्र ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) को भेजते हुए चिकित्सक डॉ. मनोज जाटव पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पत्र में विनोद कुमार ने बताया कि वे मानसिक अवसाद से गुजर रहे हैं। आरोप है कि अवकाश लेने के बावजूद डॉ. जाटव द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई, जिससे वे आहत हुए। सुसाइड नोट में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि वे अपने परिवार में अकेले कमाने वाले हैं और उनके पिता लकवा से पीड़ित हैं। ऐसे में यदि मानसिक अवसाद के चलते उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार डॉ. मनोज जाटव होंगे।कर्मचारी द्वारा लिखे गए पत्र पर चिकित्सालय के अन्य स्टाफ के हस्ताक्षर भी बताए जा रहे हैं।
अस्पताल स्टाफ का आरोप है कि संबंधित चिकित्सक स्वयं नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते और एक ही दिन में हाजिरी भर देते हैं, लेकिन इस संबंध में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों ने बीसीएमओ से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक इस प्रकरण पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।