बिसुदनी बाँध की नहर शनिवार को खोली गई, ग्रामीणों में खुशी की लहर
कुशायता,29 नवम्बर ( केकड़ी पत्रिका/ हंसराज खारोल) ग्राम पंचायत गोरधा मुख्यालय के चादरखेड़ी के पास स्थित बिसुदनी बाँध की दाईं व बाईं मुख्य नहर को शनिवार, 29 नवम्बर 2025 को सुबह 11:15 बजे पूजा-अर्चना के साथ खोला गया। बिसुदनी बांध
नहर का शुभारंभ बालाजी महाराज की पूजा के बाद जल वितरण समिति के दाईं नहर अध्यक्ष लक्ष्मण मीणा, बाईं नहर अध्यक्ष गोपाल मेघवंशी, एवं ग्राम पंचायत गोरधा मुख्यालय की प्रशासक पपीता देवी मीणा के हाथों किया गया।
बिसुदनी बांध की नहर खुलते ही किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जल संसाधन मंत्री, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, सावर प्रधान आशा बांगड़ी, उपप्रधान प्रभाकरण सिंह शक्तावत सहित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिसुदनी बाँध का जलस्तर
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राजेश मीणा व कनिष्ठ अभियंता कमल सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह बाँध का गेज 3.25 मीटर तथा स्टोरेज 1375.7 यूनिट दर्ज किया गया।
नहर खोलने का शेड्यूल तय
पाण क्रम अवधि
प्रथम पाण 29 नवम्बर 2025 – 20 दिसम्बर 2025
द्वितीय पाण 1 जनवरी 2026 – 20 जनवरी 2026
तृतीय पाण 15 फरवरी 2026 – 25 फरवरी 2026
चतुर्थ पाण जल उपलब्धता व किसान मांग अनुसार
नहरें 24 घंटे खुली रहेंगी तथा पानी की देखरेख की जिम्मेदारी—
दाईं नहर: लक्ष्मण मीणा,बाईं नहर: गोपाल बलाई
के पास होगी। नहरों की चाबियाँ भी इन्हीं को सौंपी गई हैं।
मत्स्य विभाग पर सख्त निर्देश
मत्स्य विभाग के संवेदक को स्टोरेज गेज तक संचालन की अनुमति दी गई है।
समिति ने स्पष्ट किया कि—
यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो सावर थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।
नहर तोड़ने या अवैध रूप से पानी बहाने वालों पर सिंचाई अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
भीलवाड़ा क्षेत्र में अवैध सिंचाई पर फोकस
समिति ने बताया कि बिसुदनी बाँध का पानी देवपुरी, लसाड़िया, बचखेड़ा (भीलवाड़ा) आदि क्षेत्रों में पंप सेट लगाकर चोरी किया जा रहा है।
समिति इस पर गंभीर है और शीघ्र ही सावर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।
टेल क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर किसानों का आक्रोश
दाईं मुख्य नहर के अंतिम हिस्से में सफाई न होने और कई जगह नहर क्षतिग्रस्त होने पर किसानों ने नाराजगी जताई।
मदन खारोल, किसान, कुशायता:“टेल क्षेत्र की सफाई बिल्कुल नहीं हुई, अंतिम छोर तक पानी पहुँचना मुश्किल है।”
रामदेव जाट, किसान, कुशायता:“गोरधा क्षेत्र के पास सफाई हो गई, लेकिन टेल क्षेत्र में नहर जर्जर है, इससे किसानों में रोष है।”
इन गाँवों को मिलेगा लाभ
कुशायता, बिसुदनी, उमेदपुरा, सावर, बनेडिया, किशनपुरा, कुशायता का झोपड़ा, सूरजपुरा, कीडवा का झोपड़ा, चिकिलिया, लोधा का झोपड़ा, गोरधा, चादरखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्र इससे सिंचित होंगे।
अधिकारियों व ग्रामीणों की मौजूदगी
कार्यक्रम में— बिसुदनी बांध की दाई मुख्य नहर के अध्यक्ष
लक्ष्मण मीणा, बिसुदनी बांध की बाई नहर के अध्यक्ष गोपाल बलाई, पुजारी बजरंग वैष्णव, राम सिंह मीणा, गणपति मीणा, सोहन मीणा, भवानीराम मीणा, गोकल मीणा, चेतन मीणा, सुवा लाल मीणा, गंगाराम मीणा, बोलो राम मीणा, भोलू राम मीणा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
पिपलाज नाहर सागर बाँध की नहर 6 दिसम्बर को खुलेगी
ग्राम पंचायत पिपलाज मुख्यालय में आयोजित बैठक में नाहर सागर बाँध की नहर 6 दिसम्बर 2026 को खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया।