भारत विकास परिषद की प्रांतीय महिला संयोजक कमलेश बंट का केकड़ी में अल्प प्रवास

- बेटी बचाओ, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर दिए प्रेरक संदेश
केकड़ी 08 अक्टूबर (केकड़ी पत्रिका) भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की प्रांतीय महिला संयोजक श्रीमती कमलेश जी बंट का आज केकड़ी शाखा में अल्प प्रवास रहा। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने समाज में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, संस्कृति और स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “समाज के सर्वांगीण विकास के लिए महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और संस्कारों का संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। जब बेटियाँ शिक्षित होंगी, तभी राष्ट्र सशक्त होगा।”
उन्होंने ‘बेटी पढ़ाओ – बेटी बसाओ’, महिला जागरूकता एवं आत्मरक्षा, संस्कृति सप्ताह, युवा एवं बाल संस्कार, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता, एनीमिया मुक्त भारत और कुटुम्ब प्रबोधन जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। उनके प्रेरक उद्बोधन ने उपस्थित सदस्यों को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। परिषद शाखा महिला संयोजक अंजु विजय ने बताया कि कमलेश बंट ने भारत विकास परिषद केकड़ी शाखा द्वारा हाल ही में आयोजित “भारत को जानो” एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर समस्त सदस्यों को बधाई दी और संगठन की एकजुटता तथा कार्यकुशलता की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालय, अजमेर रोड, केकड़ी में वृक्षारोपण कर “हरियालो राजस्थान” का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का आह्वान किया।कमलेश बंट के इस प्रवास ने परिषद सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार किया और महिला सशक्तिकरण व सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने का संकल्प मजबूत किया।
इस अवसर पर परिषद सचिव रामनिवास जैन, महिला संयोजक अंजू विजय, आभा बेली, ममता विजय, शांता माहेश्वरी, संगीता विजय, अरुणा लोढ़ा, राधा विजय सहित केकड़ी शाखा के पूर्व कोषाध्यक्ष भगवान माहेश्वरी उपस्थित रहे।