ग्राम पंचायत कालेडा कंवर जी मुख्यालय पर राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन प्रशिक्षण शिविर हुआ आयोजित

कुशायता,25 सितंबर 2025 (केकड़ी पत्रिका/हंसराज खारोल) गुरुवार को प्राकृतिक खेती क्लस्टर कालेड़ा कंवर जी, पंचायत समिति व सहायक कृषि अधिकारी क्षेत्र सांवर, केकड़ी, जिला अजमेर में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत चयनित 125 कृषकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण में प्राकृतिक खेती पर प्रशिक्षण दिया गया। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), केकड़ी श्री राम निवास जांगिड़ ने प्राकृतिक खेती के महत्व, परिचय, आवश्यकताओं एवं मुख्य सिद्धांतों के बारें में किसानों को जानकारी दी।

प्रशिक्षण में कार्यालय उपनिदेशक कृषि शष्य, ए.टी.सी.,अजमेर के मास्टर ट्रेनर कृषि अनुसंधान अधिकारी श्री उपवन शंकर गुप्ता ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व व चुनौतियों के बारें जानकारी देते हुए में बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र जैसे विभिन्न घटकों के बारें में सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी प्रदान की। कृषि अनुसंधान अधिकारी डॉ. जितेंद्र शर्मा ने किसानों को प्राकृतिक खेती में मल्चिंग, पोषक तत्व प्रबंधन, सूक्ष्म जीवाणुओं के महत्व एवं नीमास्त्र, अग्न्यास्त्र आदि से कीट रोग प्रबंधन के बारे में जानकारी प्रदान की। सहायक कृषि अधिकारी श्री नसीर बैग ने किसानों को रासायनिक खाद व कीटनाशियों के दुष्प्रभाव के बारें में बताया।

इस दौरान कृषि पर्यवेक्षक श्री सुनील शर्मा ने पंजीकरण कर इस प्रशिक्षण के महत्व के बारें में बताया। प्रशिक्षण में कृषि सखी श्रीमती मधु जांगिड़ और सी.आर.पी. श्री गणेश प्रजापत ने किसानों को प्राकृतिक खेती के मॉडल फार्म विकसित करने के लाभ एवं रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया।