बघेरा में रामलीला मंचन का दूसरा दिन रहा आकर्षण का केंद्र

बघेरा 24 सितम्बर (केकड़ी पत्रिका ललित नामा) श्री राम नवयुवक मंडल बघेरा के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन का दूसरा दिन भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुआ। मंगलवार की रात मंच पर श्रीराम जन्म, सीता जन्म और ताड़का वध जैसी रोचक व रोमांचक लीलाओं का जीवंत मंचन किया गया।कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
लीला स्थल पर हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद रहे और जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। जैसे ही मंच पर राम जन्म और सीता जन्म का प्रसंग आया, दर्शक उत्साह से झूम उठे। ताड़का वध की रोमांचक प्रस्तुति ने तो समूचे वातावरण को तालियों की गड़गड़ाहट से भर दिया।
रामलीला मंडल के वरिष्ठ कलाकार और मार्ग दर्शक बछराज शर्मा ने बताया कि “रामलीला सिर्फ एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि यह समाज को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देने का माध्यम है। रामायण के ये प्रसंग हमें धर्म, सत्य और कर्तव्य पालन का संदेश देते हैं।”ग्राम बघेरा में चल रही रामलीला ने नवरात्रि पर्व की आध्यात्मिक छटा को और भी प्रखर बना दिया है।