सुरेन्द्र दुबे की स्मृति सम्मान 2025″ विष्णु सक्सेना को दिया जाएगा।

केकड़ी 05 जून (केकड़ी पत्रिका अम्बा लाल गुर्जर) जिले के विश्वविख्यात हास्य कवि एवं संवेदनशील गीतकार स्व.श्री सुरेन्द्र दुबे की स्मृति के परिप्रेक्ष्य में श्री सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान द्वारा भव्य सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
श्री सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान के पदाधिकारियों की आज हुई वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गुलगांव जैसे छोटे से गांव में पैदा हो कर पूरी दुनिया में अजमेर जिले का मान बढ़ाने वाले अप्रतिम कवि, गीतकार एवं साहित्यकार स्व. दुबे की स्मृति में इस वर्ष भी भव्य आयोजन 18 जून को केकड़ी में किया जाएगा।
विष्णु सक्सेना को सम्मान से नवाजा जाएगा
इस अवसर पर प्रति वर्ष दिए जाने वाले “सुरेन्द्र दुबे स्मृति सम्मान 2025” अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गीतकार विष्णु सक्सेना,-सिकन्दरा राऊ को 18 जून को केकड़ी घंटाघर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में दिया जाएगा। पिछले वर्ष यह आयोजन नहीं हो पाया था इसलिए 2024 का सम्मान भी इसी आयोजन में वीर रस के सुप्रसिद्ध प्रतिष्ठित कवि हरिओम पंवार-मेरठ को दिए जाने की घोषणा की गई है।
स्व. सुरेंद्र दुबे के जन्मदिन के अवसर पर होगा आयोजन
9 जून स्व.सुरेन्द्र दुबे का जन्म तिथि है अतः उसी परिप्रेक्ष्य में दोनों वर्षों के पुरस्कार एवं सम्मान के साथ कवि सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय कमेटी द्वारा किया गया है।अब तक यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देश के ख्याति प्राप्त हास्य कवि श्री सुरेन्द्र शर्मा-नई दिल्ली, प्रतिष्ठित फिल्मी गीतकार संतोष आनंद-नई दिल्ली, पद्मश्री अशोक चक्रधर-नई दिल्ली, डॉ.कीर्ति काले-नई दिल्ली तथा पं. सत्यनारायण सत्तन-इंदौर को प्रदान किया गया था जिसमें एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए नगद एवं प्रतीक चिन्ह आदि दिए गए। देश भर में किसी कवि की स्मृति में व्यक्तिगत संस्थान द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कारों में यह विशिष्ट पुरस्कार है। हाल ही में भारतीय सेना द्वारा ‘आपरेशन सिन्दूर’ के तहत प्रदर्शित सेना के अतुलित पराक्रम के मद्देनजर इस आयोजन को सैनिकों को समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में देश के नामचीन कवियों को आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू
स अवसर को भव्य और श्रेष्ठतर बनाने हेतु कमेटियों का भी गठन किया गया है। महोत्सव के रूप में आयोजित होने वाले इस आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। बैठक में संस्थान के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश दुबे सचिव डॉ.अविनाश, प्रमुख मानद सदस्य केंद्रीय साहित्य अकादमी से पुरस्कृत साहित्यकार एवं ख्याति प्राप्त कवि एवं गीतकार डॉ. कैलाश मण्डेला, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवयित्रि डॉ. कीर्ति काले, युवा गीतकार ईशान दुबे, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र जोशी, शिक्षाविद् सुभाष जैन, बहादुर सिंह, रामधन प्रजापत, मुकेश जैन, वीरेंद्र मित्तल, बृजराज शर्मा, अनिरुद्ध दुबे एवं स्थानीय गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया।